{content: बात 10 साल पहले की है, सरहुल पर हेमू टोप्पो ने कुछ बच्चों को बात करते सुना कि सरहुल के बाद मां-बाबा कोड़ा राजी (कमाने बाहर) जाएंगे, अब हमारा स्कूल छूट जाएगा। पता नहीं कितने दिनों बाद आ पाएंगे। सेल के डिप्टी जनरल मैनेजर हेमू टोप्पो के मन में ख्याल आया कि इन जैसे सैकड़ों-हजारों बच्चों की पढ़ाई छूट जाती है, क्योंकि उनके मां-बाप ईंट भट्टों में काम करने राज्य से बाहर चले जाते हैं। उन्होंने यह भी देखा कि सरकारी स्कूल में पांचवीं में पढ़ रहे स्टूडेंट्स भी ढंग से पहाड़ा नहीं जानते, क्वालिटी एजुकेशन तो दूर की बात है। रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर मांडर के पास कैंबो पंचायत के गुड़गुड़जारी गांव में 2010 में स्कूल खोलने की सोची। इसके लिए गांव के आसपास के 6 युवकों बिरसा उरांव, नन्हे उरांव, चिलगु एक्का, बासुदेव टोप्पो, रंजीत उरांव, चरवा उरांव के साथ मिल कर 'अयंग शिक्षा निकेतन' खोला। अयंग का मतलब कुड़ुख में 'मां' होता है। इसे चलाने में स्थानीय ग्रामीणों के अलावा अयंग से जुड़े लोग सहयोग करते हैं। कोई खेत में उपजाए चावल देता है, तो कोई बाड़ी में उगी सब्जियां। सभी के सहयोग से अयंग शिक्षा की अलख सुदूर गांव में जगा रहा है।
हेमू टोप्पो कहते हैं कि आज लोग अपनी संस्कृति से दूर हो रहे हैं। जड़ों से कट रहे हैं। हमारी आने वाली पीढ़ी अगर हमारी विरासत नहीं जानेगी, तो फिर हमारा सब खत्म हो जाएगा। हम अयंग शिक्षा निकेतन में सिर्फ शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि अपने समाज, भाषा, संस्कृति से भी बच्चों को परिचित कराते हैं। पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न खेलों के जरिए बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास पर ध्यान दिया जाता है। वैसे संसाधन सीमित होने के कारण परेशानियां आ रही हैं। लोग आगे आएं, तो हम इन बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार भी डाल पाएंगे।
हेमू टोप्पो
5 बच्चों से शुरू हुआ, आज 250 बच्चे पढ़ रहे हैं
5 बच्चों से शुरू हुए इस स्कूल में फिलहाल 250 बच्चे पढ़ रहे हैं, जिनमें 60 हॉस्टल में रहते हैं। जिस भवन में पढ़ाई होती है, वह एक सामुदायिक विकास भवन है, जो पूरी तरह जर्जर हो गया था। इसे ठीक कराकर स्कूल का रूप दिया गया। पढ़ने के अलावा यहां खेल पर खास तौर पर ध्यान दिया जाता है। बच्चों के खाने-पीने, पढ़ने और रहने की सारी व्यवस्था अयंग द्वारा मुफ्त में की जाती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today , title:Dainik Bhaskar, url: http://bit.ly/2OWBNtm , author: Bhaskar News Network , feed_url: http://bit.ly/1PKwoAf, }
0 yorum:
Yorum Gönder