रांची. सरदार वल्लभभाई पटेल की आज जयंती है। इस मौके पर बुधवार को रांची नगर निगम द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एकता दौड़ को झंडी दिखाकर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रवाना किया। सैनिक मार्केट परिसर से सुबह 7.15 बजे शुरू हुए रन फॉर यूनिटी में खुद मुख्यमंत्री भी अल्बर्ट एक्का चौक तक गए।
-
अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में अनेक महापुरुषों ने जन्म लिया है। उनमें से सरदार पटेल भी हैं, जिनके अंदर देशभक्ति कूट-कूट कर भरी थी। देश की एकता और अखंडता के लिए उन्होंने जो किया, उसको सम्मान देने का काम नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है। आज उनके स्टेचू का अनावरण कर उन्हें सम्मानित किया जा रहा है।
-

उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री के निर्देश पर ही 2014 से 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व की सरकार ने कभी उन्हें सम्मान नहीं दिया। आज एकता दिवस के अवसर पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि देश की एकता अखंडता को धर्म और जात के आड़े नहीं आने देंगे। देश पर जब भी कोई संकट आएगा तो देशवासी हर कुर्बानी देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की शहादत दिवस है। उनको भी नमन करें। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान की धुन पर हुआ। दौड़ व समारोह में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, कल्याण मंत्री लुईस मरांडी, शिक्षा मंत्री नीरा यादव, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, डीजीपी डीके पांडेय, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, नगर आयुक्त मनोज कुमार, विधायक नवीन जायसवाल, जीतू चरण राम आदि उपस्थित थे।
-
अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उपस्थित लोगों को एकता की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने भारत माता की जय के नारे भी लगाए। नारे के दौरान हल्की आवाज आने पर लोगों को जोश भरते हुए कहा कि इतनी जोर से शपथ लें की पाकिस्तान तक आवाज पहुंच जाए।
-

रन फॉर यूनिटी में हिस्सा लेने के लिए सुबह 6 बजे से ही सैनिक मार्केट में भीड़ बढ़ने लगी थी। दौड़ में सीआरपीएफ, डे बोर्डिंग स्कूल, जिला पुलिस, जैप, एनसीसी के अलावा विभिन्न स्कूलों के करीब 25 सौ बच्चे भी शामिल हुए। दौड़ शुरू होने से पूर्व सैनिक मार्केट में मंत्र उच्चारण और शंख बजाया गया। इस दौरान देशभक्ति के गाने बज रहे थे।
-
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास मंच से उतरकर दौड़ में शामिल स्कूली बच्चों और आम लोगों से मिले। सब से हाथ मिलाया और बच्चों के साथ में फोटो भी खिंचवाई।
-
समारोह के दौरान मार्च पास्ट का भी आयोजन हुआ। जैप के आईजी सुधीर झा के नेतृत्व में मार्च पास्ट निकाला गया। इसके प्लेट कमांडर डीएसपी टीके झा थे। मार्च पास्ट में सीआईएसएफ, एसएसबी, आइटीबीपी, सीआरपीएफ, जैप वन, जैप टू और जैप टेन के अलावा होमगार्ड शामिल थे। वहीं, जैप टेन होमगार्ड कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय ओरमांझी और मांडर की लड़कियां बैंड पार्टी में शामिल थे। मार्च पास्ट, टैक्सी स्टैंड चौक से अल्बर्ट एक्का चौक तक गई। वहां पर मुख्यमंत्री को सलामी दी गई।
रन फॉर यूनिटी के दौरान सैनिक मार्केट से अल्बर्ट एक्का चौक तक पूरे इलाके में देशभक्ति का जज्बा नजर आया। रन फॉर यूनिटी को देखने के लिए लोग सड़क के दोनों ओर खड़े नजर आए। वहीं, टैक्सी स्टैंड से अल्बर्ट एक्का चौक तक जैप टू के 520 जवान सड़क के दोनों ओर हाथों में तिरंगा झंडा लेकर खड़े थे। इनमें 194 महिला जवान भी शामिल थी। रन फॉर यूनिटी के दौरान महात्मा गांधी मार्ग भारत माता की जय के नारों से गूंजता रहा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today , title:Dainik Bhaskar, url: https://ift.tt/2yHez3y , author: ns.support@dainikbhaskar.com (Dainik Bhaskar) , feed_url: https://ift.tt/1PKwoAf, }
0 yorum:
Yorum Gönder