रांची. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य का संपूर्ण विकास यहां की महिलाओं और युवतियों के बिना नहीं हो सकता। यही वजह है कि 350 युवतियों को हुनरमंद बनाने के लिए कौशल कॉलेज का उद्घाटन हो रहा है। इसके अलावा सरकार जल्द चाईबासा, सरायकेला, गुमला, साहेबगंज में नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू करेगी। इसके लिए स्वीकृति दे दी गई है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त नर्स को हज़ारीबाग, दुमका और पलामू में शुरू किए गए मेडिकल कॉलेज एवं अन्य 5 जिलों में खुलने वाले 500 शैया वाले अस्पताल में नियोजित किया जाएगा। राज्य की हुनरमंद युवतियों को झारखंड में ही काम मिलेगा। सीएम शुक्रवार को राज्य सरकार और प्रेझा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नव निर्मित कौशल कॉलेज का उद्घाटन करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस कौशल कॉलेज में ट्रेनिंग लेने वाली छात्राओं से अपील की कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ दें तो राज्य सरकार उन्हें 100 फीसदी नौकरी देगी।मानव संसाधन को हुनरमंद होना जरूरी है सिर्फ डिग्री से रोजगार का सृजन पूर्णतः नहीं किया जा सकता। सीएम ने कहा कि एसटी, एसी और अल्पसंख्यक वर्ग पर विशेष ध्यान और इनके सपनों को पंख देना है। कहा कि खूंटी के तोरपा निवासी 69 युवा को दुबई में नौकरी मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजना है कि चतरा के इटखोरी में दुनिया के सबसे बड़े बौद्ध स्तूप का निर्माण किया जाए। उन्होंने चीफ रिप्रेजेंटेटिव जेआईसीए इंडिया कतसुवो मत्तसुमोतो से आग्रह किया कि वे जापान सरकार इस कार्य में झारखंड सरकार की मदद करे। क्योंकि इटखोरी से जापान का गहरा रिश्ता है।
कल्याण मंत्री डॉ लुइस मरांडी ने कहा कि इस कौशल कॉलेज में दो ट्रेड आर्ट ऑफ कुकिंग और मैन्यूफैक्चरिंग में युवतियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रेझा फाउंडेशन गुणवत्ता युक्त शिक्षकों को नियुक्त करें ताकि झारखंड की बच्चियां हमेशा अव्वल रहें। मंत्री नगर विकास सीपी सिंह ने कहा कि आज हुनर की कद्र होती है परंपरागत पढ़ाई के साथ अब हुनरमंद होना भी जरूरी है।
कतसुवो मत्तसुमोटो ने कहा कि यहां लगातार तकनीकी व अन्य क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जापान और इंडिया के बीच कई मामलों को लेकर समझौता हुआ है। जापान सरकार लगातार प्रयासरत है कि भारत के मानव संसाधन का उपयोग किया जा सके। सरकार हमेशा नए ट्रेड में लोगों को प्रशिक्षित करने का कार्य कर रही है। प्रेझा फाउंडेशन के चेयरमैन एम मुत्थुरमन ने कहा कि बिना राज्य सरकार के सहयोग से राज्य के युवा कौशल विकास के जरिये हुनरमंद बन रहें हैं। झारखंड में लगातार बदलाव दिख रहा है।
सीएम ने सांकेतिक तौर पर कल्याण गुरुकुल से प्रशिक्षित शिलामनी कुमारी, अनिता कुमारी, सतीश उरांव, मंगल बेसरा व विनोद मुर्मू को नियोजन पत्र सौंपा। कार्यक्रम में मंत्री डॉ लुइस मरांडी, मंत्री सीपी सिंह, रामटहल चौधरी, जीतूचरण राम, विकास आयुक्त डीके तिवारी, सचिव राहुल शर्मा, हिमानी पांडे, जेआईसीए के चीफ रिप्रेजेंटेटिव कतसुवो मत्तसुमोटो, प्रेझा फाउंडेशन के चेयरमैन एम मुत्थुरामन, मंजीत सिंह गिल, एचडीएफसी बैंक संदीप कुमार व अन्य उपस्थित थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today , title:Dainik Bhaskar, url: https://ift.tt/2Tb8EAj , author: ns.support@dainikbhaskar.com (Dainik Bhaskar) , feed_url: https://ift.tt/1PKwoAf, }
0 yorum:
Yorum Gönder